Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● दिल्ली के चावड़ी बाजार में अनधिकृत निर्माण के दौरान इमारत ढही, एमसीडी के दो अधिकारी निलंबित ● दिल्ली में गंभीर हुआ वायु प्रदूषण, 22 केंद्रों पर AQI 400 पार; 6 से 8 नवंबर तक और बिगड़ सकती है हवा ● यूपी के 14.82 लाख कर्मचारियों को दिवाली बोनस, अधिकतम 6,908 रुपये मिलेंगे ● दीपावली पर सजावटी लाइटों से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, प्रमुख चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण ● ग्रेटर नोएडा में बनेंगे चार नए बारात घर, 32 करोड़ रुपये होंगे खर्च! शादी-समारोह के लिए मिलेगी राहत ● ग्रेटर नोएडा के 64 गांवों में लगेंगी LED स्ट्रीट लाइटें, 9 करोड़ रुपये होंगे खर्च; एयरपोर्ट रूट भी होगा रोशन ● दिवाली पर गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा का बड़ा प्लान, 10 जोन और 26 सेक्टर में बंटा पुलिस कमिश्नरेट ● दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, उत्तर भारत में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ! प्रदूषण से फिलहाल राहत नहीं ● ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास के लिए CM योगी से मिले IBA प्रतिनिधिमंडल, 10 सुझावों का ज्ञापन सौंपा ● गौर अंडरपास से राहत, तिलपता पर अब भी आफत!

दिवाली पर गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा का बड़ा प्लान, 10 जोन और 26 सेक्टर में बंटा पुलिस कमिश्नरेट

दीपावली पर्व-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है।
top-news

दीपावली पर्व-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन में विशेष सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की योजना लागू की जा रही है। धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के दौरान बाजारों, मॉल, धार्मिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


10 जोन और 26 सेक्टर में बांटा गया कमिश्नरेट


त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे कमिश्नरेट को 10 जोन और 26 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इनमें नोएडा जोन में 3 जोन और 9 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा जोन में 3 जोन और 8 सेक्टर तथा ग्रेटर नोएडा जोन में 4 जोन और 9 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। इसके साथ ही फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और वाहन पेट्रोलिंग भी कराई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख चौराहों और बाजारों में ड्रोन तथा हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। पीआरवी और क्यूआरटी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

बाजारों में ट्रैफिक प्लान, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई


त्योहार के दौरान बाजारों और मॉल के आसपास जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। चिन्हित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी और अवैध पार्किंग रोकने के लिए क्रेन तथा यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रखा गया है। प्रमुख बाजारों, मॉल, घनी आबादी वाले इलाकों और पटाखा बिक्री के निर्धारित स्थानों पर जरूरत के अनुसार फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। डायल-112 की दोपहिया और चारपहिया पीआरवी को भी संवेदनशील स्थानों पर रणनीतिक रूप से लगाया गया है।

केवल लाइसेंसधारी दुकानदार बेच सकेंगे ग्रीन पटाखे


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के अनुसार केवल लाइसेंसधारी विक्रेता ही निर्धारित स्थानों पर ग्रीन पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। अवैध भंडारण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस व्यापार मंडलों, बाजार संघों, धार्मिक गुरुओं, आयोजन समितियों और शांति समितियों के साथ बैठकें कर रही है, ताकि त्योहार के दौरान आपसी समन्वय बना रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या स्थानीय पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करने से बचें। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।