Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● गौतमबुद्ध नगर: 2009 के हत्या और जानलेवा हमले के मामले में 10 दोषियों को उम्रकैद, आर्म्स एक्ट में पांच को 3 साल की सजा ● ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तीन ACEO के बीच विभागों का बंटवारा, प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नूपुर गोयल को मिली नई जिम्मेदारी ● ग्रेटर नोएडा में सड़कों की सफाई के दौरान धूल उड़ाने पर दो कंपनियों पर एक-एक लाख का जुर्माना ● चक्रवात अकवान का असर! वंदे भारत समेत 23 ट्रेनों का बदला समय, 8 घंटे तक की देरी; यात्रियों की बढ़ी परेशानी ● GRAP-3 हटते ही फिर बिगड़ी दिल्ली की हवा, एम्स का AQI 354; कई इलाकों में प्रदूषण चिंताजनक ● नोएडा के सेक्टर-78 में ग्रीन बेल्ट पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, अवैध दुकानें और टीन शेड ध्वस्त; JCB पर हमला ● नोएडा में बनेगी 20 मीटर ऊंची एलिवेटेड रोड, मयूर विहार से सेक्टर-94 तक आसान होगा सफर, जाम से मिलेगी राहत ● यूपी चुनाव 2027: रालोद-भाजपा में 3:2 सीट बंटवारे का फॉर्मूला, बागपत और बड़ौत सीट पर फंसा पेच ● किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, सहमति से होगा भूमि अधिग्रहण: ग्रेटर नोएडा के नए CEO डॉ. बलकार सिंह ● डॉ. बलकार सिंह ने संभाली ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO की कमान, किसानों के मुद्दे और अवैध निर्माण रोकना होंगी बड़ी चुनौतियां

GRAP-3 हटते ही फिर बिगड़ी दिल्ली की हवा, एम्स का AQI 354; कई इलाकों में प्रदूषण चिंताजनक

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से मिली राहत ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी। GRAP-3 की पाबंदियां हटने के अगले ही दिन कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता फिर खराब होने लगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में एम्स के आसपास AQI 354 दर्ज किया गया।
top-news

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से मिली राहत ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी। GRAP-3 की पाबंदियां हटने के अगले ही दिन कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता फिर खराब होने लगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में एम्स के आसपास AQI 354 दर्ज किया गया। वहीं, आईटीओ में 352, अक्षरधाम में 265, इंडिया गेट के आसपास 232 और कनॉट प्लेस में 259 AQI रहा। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली का औसत AQI 232 दर्ज किया गया था। हालांकि, बहुत खराब श्रेणी वाले निगरानी केंद्रों की संख्या 41 से घटकर छह रह गई थी, लेकिन कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक बना हुआ है।


उत्तम नगर सबसे प्रदूषित, छह केंद्रों पर AQI 300 के पार

CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को उत्तम नगर 379 AQI के साथ दिल्ली का सबसे प्रदूषित निगरानी केंद्र रहा। बुराड़ी क्रॉसिंग में 317, चांदनी चौक में 301, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में 308, नरेला और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 307 AQI दर्ज किया गया। इन सभी केंद्रों पर PM2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। इसके विपरीत, दिल्ली कैंट क्षेत्र में सबसे कम 131 AQI दर्ज किया गया। शहर के कई अन्य इलाकों में वायु गुणवत्ता 201 से 300 के बीच बनी रही। आंकड़े बताते हैं कि औसत AQI में सुधार होने के बावजूद दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का असर एक जैसा नहीं है।


PM2.5 के साथ ओजोन प्रदूषण भी बढ़ा सकता है सांसों का संकट

इस बार प्रदूषण की चिंता केवल PM2.5 तक सीमित नहीं है। इस सीजन में पहली बार दिल्ली के एक निगरानी केंद्र पर ओजोन को प्रमुख प्रदूषक के रूप में दर्ज किया गया। बुधवार को आईएमडी लोधी रोड केंद्र पर AQI 190 रहा और यहां PM2.5 के बजाय ओजोन प्रमुख प्रदूषक था। विशेषज्ञों के अनुसार, तेज धूप में नाइट्रोजन ऑक्साइड और अन्य गैसों के बीच रासायनिक प्रतिक्रिया से ओजोन बनती है। PM2.5 का स्तर कम होने के बावजूद ओजोन प्रदूषण बढ़ सकता है। यह भी सांस और फेफड़ों को प्रभावित करता है। इसलिए केवल धूल और धुएं के कणों में कमी को हवा के पूरी तरह साफ या सुरक्षित होने का संकेत नहीं माना जा सकता।


GRAP-3 हटा, स्कूलों में सभी कक्षाएं ऑफलाइन

वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 17 नवंबर को GRAP-3 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी थीं। इसके बाद दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को सभी कक्षाएं सामान्य रूप से स्कूल परिसर में संचालित करने का निर्देश दिया है। अब प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी स्कूल जाकर पढ़ाई करनी होगी। GRAP-3 लागू रहने के दौरान पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूल और ऑनलाइन पढ़ाई में से विकल्प चुनने की सुविधा दी गई थी। हालांकि, GRAP-3 हटने के बाद भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP-1 और GRAP-2 के उपाय जारी रहेंगे। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल प्रदूषण से पूरी राहत मिलने का इंतजार करना होगा।