Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों के कार्यों का फेरबदल, 130 मीटर रोड और अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी तय ● ग्रेटर नोएडा की सोसायटी पार्किंग में फॉर्च्यूनर के टायर-रिम से छेड़छाड़, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ● यूपी में PDA पर सियासी घमासान, योगी के बयान पर अखिलेश का पलटवार ● PM Modi: भाजपा की नई टीम के साथ आज बैठक, पदाधिकारियों को करेंगे संबोधित ● दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या, ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर मारने का आरोप ● नोएडा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने निजी लैब का किया उद्घाटन ● ग्रेटर नोएडा में 15 कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई, बंद करने का नोटिस ● सड़क किनारे अतिक्रमण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 12 अवैध दुकानें ध्वस्त ● विजय इंटरनेशनल स्कूल में प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों के लिए जागरूकता गतिविधि आयोजित ● Migson Ultimo Society में पानी की जांच, TDS मानक के अनुरूप; Greater Noida Authority ने सोसाइटी प्रबंधन को भेजा Notice

नोएडा को आज मिलेगी विकास की डबल डोज! CM योगी करेंगे करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा और ग्रेटर नोएडा के दौरे पर हैं, जहां वे हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। यमुना सिटी में ₹15,023 करोड़ के निवेश वाली तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि नोएडा में ₹2,478 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।
top-news

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा और ग्रेटर नोएडा के दौरे पर हैं, जहां वे हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। यमुना सिटी में ₹15,023 करोड़ के निवेश वाली तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि नोएडा में ₹2,478 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। इसके साथ ही ₹390 करोड़ की लागत से बने नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी और करीब 10 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC-2.0) पहुंचेंगे, जहां असेंट-के सर्किट्स, अंबर एंटरप्राइजेज और सेल सोलर पी-6 जैसी कंपनियों की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश का पहला सोलर सेल निर्माण संयंत्र भी शामिल है, जो राज्य को नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


नोएडा दौरे के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री सेक्टर-96 स्थित सात मंजिला नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे, जिसका निर्माण वर्ष 2015 में शुरू हुआ था और अब ₹390 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। इसके अलावा ₹1,045 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें रेनीवेल-4 परियोजना, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे बनी सीवर लाइनें और 4.5 किलोमीटर लंबा अगाहपुर-एनएसईजेड एलिवेटेड रोड प्रमुख हैं। यह एलिवेटेड रोड नवंबर 2025 से ट्रायल के लिए खुला था और अब इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। वहीं ₹1,434 करोड़ की लागत वाली 65 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा। इनमें सेक्टर-123 का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-63, 15 और 124 की मल्टीलेवल पार्किंग, सेक्टर-91 का डियर पार्क, सेक्टर-167 का लेक व्यू पार्क, नए विद्युत उपकेंद्र, डिजिटल लाइब्रेरी, सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं।


मुख्यमंत्री उद्घाटन के बाद नए प्रशासनिक भवन की सातवीं मंजिल पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस दौरान किसानों और उद्यमियों को प्लॉट आवंटन पत्र वितरित किए जाएंगे तथा परिसर में आयोजित 'एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP)' और एमएसएमई प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डेढ़ हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं, जिनमें पीएसी की पांच कंपनियां, कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी का यह दौरा नोएडा और यमुना सिटी को औद्योगिक, आधारभूत और प्रशासनिक दृष्टि से नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी हब के रूप में विकसित करने की सरकार की रणनीति को भी मजबूती मिलेगी।