Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत ● क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान ● एम.एम.एच. कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ● गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, अभय कुमार मिश्र बने ADCP ग्रेटर नोएडा ● जेवर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, लखनऊ जाने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे लेट ● दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 9 अक्तूबर को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान ● लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी ● ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: किसी का सामान जला तो किसी की जिंदगी भर की जमा-पूंजी ● ग्रेटर नोएडा में पेयजल समस्या पर RWA ने उठाई आवाज, CEO ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश ● हमीरपुर के राठ में सपाइयों का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

UP Weather Today: यूपी में मानसून पूरी तरह सक्रिय, 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है।
top-news

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के 46 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 13 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। बिजनौर के नजीबाबाद में 306 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो वर्ष 1952 के बाद तीसरी सबसे अधिक बारिश मानी जा रही है। इसके अलावा एटा में 222 मिमी, संभल में 204 मिमी, आगरा में 146 मिमी, महाराजगंज में 104 मिमी और सिद्धार्थनगर में 78.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेशभर में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है तथा कई जिलों में मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है।


बारिश का सबसे बड़ा असर प्रदेश के तापमान पर देखने को मिला है। अलीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि मेरठ में 8.3 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 7.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड की गई। कानपुर, इटावा, बरेली समेत कई अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से काफी कम रहा। मौसम विभाग ने कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं सहित 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस और अन्य जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

राजधानी लखनऊ में भी मानसून ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ घने बादल छाए और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। शहर में 27.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे दिन का अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को राजधानी समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।