लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी
- sakshi choudhary
- 06 Oct, 2026
लखनऊ में गोमती नदी की बाढ़ अब शहर के पॉश इलाकों तक पहुंच गई है। बुधवार शाम इकाना स्टेडियम और प्लासियो मॉल के सामने करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को इकाना स्टेडियम में मैच के दौरान आसपास के पानी के प्रवाह को रोका गया था। मैच खत्म होने के बाद पानी छोड़े जाने पर स्टेडियम के सामने और प्लासियो मॉल की ओर जलस्तर तेजी से बढ़ गया। हालांकि, पानी अचानक बढ़ने के कारणों को लेकर अभी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वहीं, गोमती के बढ़ते जलस्तर से लखनऊ के ग्रामीण इलाकों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। दुबग्गा के लालजी टंडन वार्ड क्षेत्र में हयात नगर न्यू कॉलोनी से 40 से अधिक परिवारों को नाव की मदद से सुरक्षित निकालकर रैन बसेरों में पहुंचाया गया। टाड़खेड़ा, सैथा, उमरावखेड़ा, गुलमीखेड़ा, सुखलालखेड़ा और धनसिंहखेड़ा समेत करीब एक दर्जन गांवों के लगभग तीन हजार घरों में बाढ़ का पानी घुसने की जानकारी है। घैला गांव भी बाढ़ से प्रभावित है, जहां करीब छह हजार की आबादी के सामने आवागमन, पशुओं के चारे और साफ पानी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक प्रभावित परिवारों को नाव के जरिए निकाला जा रहा है और रैन बसेरों में ठहराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने तीन दिनों में 807 दवा किट वितरित की हैं और 257 घरों का सर्वे किया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में दो गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जिनमें एक महिला का सामान्य प्रसव हुआ और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं। इस बीच ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने और राहत व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।