ग्रेटर नोएडा में 150 करोड़ रुपये निवेश करेगी स्वीडन की कंपनी! 500 युवाओं को मिलेगा रोजगार
- sakshi choudhary
- 25 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक निवेश के मामले में ग्रेटर नोएडा के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया (KB Components India) ने ग्रेटर नोएडा में निवेश करने की इच्छा जताई है। कंपनी यहां करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही लगभग 500 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। इस प्रस्तावित निवेश के लिए कंपनी को करीब 20 हजार वर्गमीटर जमीन की आवश्यकता है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर यहां के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, नीतियों और उपलब्ध जमीन के बारे में जानकारी हासिल की।
प्राधिकरण के तीनों एसीईओ के साथ हुई बैठक
कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल से मुलाकात की। इस दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल (IITGNL) के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में उद्योगों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं। खासतौर पर इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप को देश की स्मार्ट टाउनशिप में शामिल बताते हुए इसके प्लग एंड प्ले सिस्टम की जानकारी दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, यहां निवेशकों को उद्योग लगाने के लिए जरूरी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे भूखंड आवंटित होने के बाद उद्यमी कम समय में अपना काम शुरू कर सकते हैं।
रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी से आकर्षित हो रहे निवेशक
बैठक में प्राधिकरण अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजदीक होने के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा की बेहतर रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी को भी निवेश के लिए बड़ा फायदा बताया। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को कम समय में भूखंड आवंटित करने की दिशा में काम किया जाएगा। कंपनी के प्रतिनिधियों में मैगनस एंडरसन, मिसेल ग्रिंडबोर्न, टोरकेल कोगलोसा, भारत में कंपनी के एवीपी देवेंद्र शर्मा और जनरल मैनेजर अजीत सिंह शामिल रहे। इस दौरान आईबीए के अध्यक्ष अमित उपाध्याय और उद्यमी मित्र भी मौजूद रहे। हालांकि, फिलहाल कंपनी ने निवेश की इच्छा जताई है। जमीन आवंटन और निवेश की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परियोजना की वास्तविक शुरुआत हो सकेगी। यदि यह प्रस्ताव जमीन पर उतरता है तो ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।