क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान
- sakshi choudhary
- 08 Oct, 2026
ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित डायमंड पब्लिक स्कूल में शारदा यूनिवर्सिटी के शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने बच्चों की सुरक्षा और POCSO Awareness को लेकर ‘जानें, सुरक्षित रहें और आवाज उठाएं’ विषय पर कम्युनिटी कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, अपने अधिकारों और गलत व्यवहार को पहचानने के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान कम्युनिटी कनेक्ट से जुड़े छात्रों ने बच्चों के साथ Good Touch और Bad Touch, शरीर पर अपने अधिकार और असुरक्षित परिस्थितियों से बचने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की।
सेशन में बच्चों को यह समझाया गया कि किसी भी असहज या गलत व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय भरोसेमंद बड़े व्यक्ति से मदद मांगना जरूरी है। बच्चों को अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के प्रभाव को समझने के लिए Pre-Assessment और Post-Assessment गतिविधियां भी कराई गईं। दोनों आकलनों के तुलनात्मक परिणामों से बच्चों की जागरूकता में आए बदलाव को समझने में मदद मिली, जिसका उपयोग कम्युनिटी कनेक्ट पहल के रिसर्च कार्य में किया जाएगा।
कार्यक्रम में शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन प्रो. (डॉ.) ऋषिकेश दवे ने कहा कि यह पहल केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों को ज्ञान, आत्मविश्वास और अपनी सुरक्षा के लिए आवाज उठाने का साहस देने की दिशा में प्रयास है। कार्यक्रम का आयोजन उनके और डिपार्टमेंट हेड प्रो. (डॉ.) तारकेश मोलिया के नेतृत्व में हुआ, जबकि समन्वय असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनवेंद्र सिंह ने किया। उन्हें कम्युनिटी कनेक्ट के डायरेक्टर भरत सिंह का मार्गदर्शन मिला। यूनिवर्सिटी के अनुसार, इस पहल के जरिए कानूनी शिक्षा को Community Outreach, बच्चों की सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।