वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत
- sakshi choudhary
- 08 Oct, 2026
नोएडा इंडोर स्टेडियम में चल रही वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मुकाबले में अयोध्या गर्जन ने गरवी गुज्जूज को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबला काफी करीबी रहा। अयोध्या गर्जन ने पहला सेट 21-19 से अपने नाम किया, लेकिन गरवी गुज्जूज ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए 21-15 से जीत दर्ज कर स्कोर 1-1 कर दिया।
निर्णायक तीसरे सेट में अयोध्या गर्जन ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया और 21-16 से सेट जीतकर मैच 2-1 से अपने नाम कर लिया। गरवी गुज्जूज के राजनीश सिंह को Player of the Match चुना गया, जबकि अयोध्या गर्जन के प्रीत करण को Impact Player का पुरस्कार मिला। जीत के बाद प्रीत करण ने कहा कि यह मुश्किल मुकाबला था, लेकिन टीम ने अपना फोकस बनाए रखा और एक-दूसरे का साथ देते हुए जीत हासिल की।
दिन के दूसरे मुकाबले में नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स ने हूगली हिटर्स को एकतरफा अंदाज में 3-0 से शिकस्त दी। बेंगलुरु ने पहला सेट 21-13, दूसरा 21-16 और तीसरा भी 21-16 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने अपने कोच मंदीप सिंह के जन्मदिन को भी खास बना दिया। समीर चौधरी को Impact Player, जबकि मन्नत चौधरी को Player of the Match चुना गया। मन्नत ने कहा कि इस लीग के जरिए खिलाड़ियों को सीखने, अपनी स्किल्स दिखाने और बड़े मंच पर अनुभव हासिल करने का शानदार मौका मिल रहा है।