न्यू नोएडा में शामिल होने की आस लगाए बैठे एनटीपीसी क्षेत्र के 20 से ज्यादा गांव, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
- sakshi choudhary
- 27 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा: न्यू नोएडा के विकास की योजना से आसपास के गांवों में बेहतर सुविधाओं की उम्मीद जगी है। इसी बीच दादरी स्थित एनटीपीसी के आसपास बसे 20 से अधिक गांवों के लोगों ने भी न्यू नोएडा में शामिल किए जाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इन गांवों में सड़क, पेयजल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। ऐसे में यदि इन गांवों को भी न्यू नोएडा की योजना से जोड़ दिया जाए तो यहां सुनियोजित विकास का रास्ता खुल सकता है। इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी गुहार लगाई गई है।
आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य के मुताबिक, मौजूदा योजना के तहत गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र के 20 और बुलंदशहर के 60 गांवों को मिलाकर कुल 80 गांवों में न्यू नोएडा विकसित करने की योजना है। वर्तमान योजना में गौतमबुद्ध नगर के बैरंगपुर उर्फ नई बस्ती, फूलपुर, बील अकबरपुर, आनंदपुर, खंडेरा, कोट, मिलक, नंगला नैनसुख और नंगला चमरू जैसे गांव शामिल हैं। उनका कहना है कि जब भविष्य में न्यू नोएडा के विस्तार की संभावनाएं देखी जा रही हैं, तो दादरी तहसील के शेष गांवों को भी विकास योजना में शामिल करने पर विचार किया जाना चाहिए।
एनटीपीसी के आसपास ऊंचा अमीरपुर, खटाना, शाहपुर, दादूपुर, मुठियानी, जारचा, छोलस, छांयसा, कलौंदा, सैंथली, बिसाहड़ा, सिलारपुर, पटाड़ी, बढ़पुरा, धूम मानिकपुर, बंबावड़, महावड़ और कल्दा समेत कई गांव हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये गांव आसपास के विकसित क्षेत्रों के मुकाबले बुनियादी सुविधाओं में पीछे हैं। खटाना निवासी शीशपाल सिंह के मुताबिक, न्यू नोएडा में शामिल होने से सड़क, सीवर, पेयजल और अन्य सुविधाओं के विकास को गति मिल सकती है। साथ ही जमीन के नियोजित विकास से ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति और रोजगार के अवसरों में भी सुधार की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल इन गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने की मांग ही उठी है, इस संबंध में कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।