छात्रों को मिला नया होमवर्क, घर में तलाशेंगे 18 साल के नए वोटर, 1500 से अधिक स्कूलों को निर्देश
- sakshi choudhary
- 28 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा: अब स्कूल के बच्चों को पढ़ाई के साथ एक नई जिम्मेदारी भी मिलने जा रही है। उन्हें अपने घर और परिवार में ऐसे युवाओं की पहचान करनी होगी, जिनकी उम्र 18 साल या उससे अधिक हो चुकी है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए यह पहल शुरू की है।
इस अभियान के तहत जिले के 1500 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष घोषणा-पत्र दिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर की ओर से सभी माध्यमिक विद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यार्थियों को अपने परिवार, भाई-बहनों और अन्य सदस्यों के बीच यह जानकारी जुटानी होगी कि 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुका कोई पात्र युवा मतदाता बनने से छूट तो नहीं गया है। यदि परिवार में ऐसा कोई सदस्य मिलता है, तो उसे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।
फॉर्म-6 भरने में भी करेंगे मदद
इस पहल के तहत विद्यार्थियों को पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए फॉर्म-6 भरना होगा। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मतदान के अधिकार से वंचित रह गए युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है। खास बात यह है कि इस बार मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत स्कूलों से होकर परिवारों तक पहुंचेगी। बच्चे अपने माता-पिता और भाई-बहनों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन की यह पहल नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।