नोएडा की 212 करोड़ की सेफ सिटी परियोजना फिर अटकी, चौथी बार बढ़ाई टेंडर की तारीख, अब 10 दिसंबर तक आवेदन
- sakshi choudhary
- 28 Nov, 2026
नोएडा: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए प्रस्तावित नोएडा सेफ सिटी परियोजना एक बार फिर टेंडर प्रक्रिया में उलझ गई है। नोएडा प्राधिकरण ने परियोजना के लिए कंपनियों से आवेदन मांगने की समय-सीमा चौथी बार बढ़ा दी है। अब इच्छुक कंपनियां 10 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगी। अगस्त के आखिर में जारी किए गए टेंडर के बाद से प्राधिकरण लगातार आवेदन की तारीख बढ़ा रहा है। ऐसे में करीब 212 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने का इंतजार बढ़ता जा रहा है।
दरअसल, नोएडा प्राधिकरण ने शहर में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अप्रैल 2025 में पहली बार इस परियोजना का टेंडर जारी किया था, लेकिन सात महीने बाद नवंबर में इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद परियोजना में बदलाव और नई प्रक्रिया के तहत अगस्त 2026 के आखिर में दोबारा टेंडर जारी किया गया। हालांकि, इस बार भी कंपनियों की ओर से आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की जा रही है। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, इच्छुक एजेंसियों की मांग पर आवेदन की तारीख बढ़ाई गई है। प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि प्री-बिड बैठक हो चुकी है और कंपनियों की मांग को देखते हुए समय बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
561 जगहों पर लगेंगे 1949 सीसीटीवी कैमरे
नोएडा सेफ सिटी परियोजना के तहत पूरे शहर में 561 स्थानों पर कुल 1949 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें प्रमुख सड़कें, सार्वजनिक स्थान और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल होंगे। इसके अलावा 147 स्थानों पर इमरजेंसी बटन लगाए जाएंगे, ताकि किसी आपात स्थिति में आम नागरिक बटन दबाकर मदद मांग सकें। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 212 करोड़ रुपये है। इसका उद्देश्य शहर में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में मदद करना है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि लगातार बढ़ती टेंडर की तारीखों के बीच इस परियोजना पर वास्तविक काम कब शुरू हो पाएगा।