Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● ग्रेटर नोएडा से KGP तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी, 105 मीटर चौड़ी सड़क का होगा विस्तार ● वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत ● क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान ● एम.एम.एच. कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ● गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, अभय कुमार मिश्र बने ADCP ग्रेटर नोएडा ● जेवर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, लखनऊ जाने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे लेट ● दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 9 अक्तूबर को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान ● लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी ● ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: किसी का सामान जला तो किसी की जिंदगी भर की जमा-पूंजी ● ग्रेटर नोएडा में पेयजल समस्या पर RWA ने उठाई आवाज, CEO ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश

ग्रेटर नोएडा के कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी जांच शुरू, मानक पूरे न करने पर सीलिंग की चेतावनी

ग्रेटर नोएडा में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन उपकरणों की जांच का विशेष अभियान शनिवार से शुरू कर दिया गया।
top-news

ग्रेटर नोएडा में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन उपकरणों की जांच का विशेष अभियान शनिवार से शुरू कर दिया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ओम टावर में संचालित 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों का बारीकी से परीक्षण किया। इस संयुक्त टीम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ फायर ऑफिसर विनोद पांडेय और प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान कुछ कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि कई संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था में कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने ऐसे सभी कोचिंग सेंटर संचालकों को तत्काल मानकों के अनुरूप अग्निशमन उपकरण स्थापित करने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।


यह अभियान जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में चलाया जा रहा है। बैठक में सभी कोचिंग सेंटरों को 15 दिनों के भीतर फायर सेफ्टी से जुड़े सभी आवश्यक उपकरण स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। इसी के तहत शनिवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए सभी संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के लिए कहा गया है।

प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग ने कोचिंग सेंटर संचालकों को सोमवार तक का अंतिम अवसर दिया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। यदि किसी भी कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी उपकरण या अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे कोचिंग सेंटरों को सील भी किया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नहीं बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में ग्रेटर नोएडा के अन्य क्षेत्रों में संचालित कोचिंग सेंटरों का भी इसी प्रकार निरीक्षण किया जाएगा, ताकि सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो सके।