Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● ग्रेटर नोएडा से KGP तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी, 105 मीटर चौड़ी सड़क का होगा विस्तार ● वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत ● क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान ● एम.एम.एच. कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ● गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, अभय कुमार मिश्र बने ADCP ग्रेटर नोएडा ● जेवर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, लखनऊ जाने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे लेट ● दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 9 अक्तूबर को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान ● लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी ● ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: किसी का सामान जला तो किसी की जिंदगी भर की जमा-पूंजी ● ग्रेटर नोएडा में पेयजल समस्या पर RWA ने उठाई आवाज, CEO ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए मिलकर करेंगे सेक्टरों की समस्याओं का समाधान, नियमित बैठकों का शेड्यूल जारी

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के आवासीय सेक्टरों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), फेडरेशन और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया है।
top-news

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के आवासीय सेक्टरों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), फेडरेशन और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस की ओर से प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में अधिकारियों की टीम गठित कर बैठकों का शेड्यूल जारी किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को पहली बैठक दो चरणों में आयोजित हुई, जिसमें फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, नेफोवा और नेफोमा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल सहित वर्क सर्किल, उद्यान, जल-सीवर और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य सेक्टरवासियों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।


बैठक के दौरान सड़कों की मरम्मत, सेक्टरों में साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, नालियों और ड्रेनेज की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त विद्युत पोल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर, आलोक नागर और अन्य प्रतिनिधियों ने कई सेक्टरों में बड़ी संख्या में खराब स्ट्रीट लाइटों और जर्जर विद्युत पोल की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा आवारा कुत्तों की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने निर्धारित स्थानों पर डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने का सुझाव दिया, जिसे प्राधिकरण ने सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग को आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के सुझावों के आधार पर योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्कों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्राधिकरण ने बैठक में भरोसा दिलाया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि फॉगिंग के दौरान सेक्टर के प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड या स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में कार्य कराया जाएगा और कार्य पूर्ण होने पर उनके हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे। इसी प्रकार साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई और अन्य विकास कार्यों के पूरा होने के बाद भी स्थानीय निवासियों से सत्यापन कराया जाएगा, ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। सड़कों और ग्रीन बेल्ट की सफाई चरणबद्ध तरीके से कराई जाएगी। शनिवार को आयोजित दूसरी बैठक में नेफोमा और नेफोवा के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम, क्षतिग्रस्त सड़कें और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने और नियमित बैठकों के माध्यम से नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शहर की मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने का आश्वासन दिया।