आमजन के लिए खुलेगा शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, डीएम मेधा रूपम ने दिए अहम निर्देश
- sakshi choudhary
- 07 Aug, 2026
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने लंबे समय से संचालित नहीं हो रहे शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा को आमजन के लिए दोबारा खोलने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि स्टेडियम में जरूरी आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर और सुव्यवस्थित करते हुए इसे जनपदवासियों के लिए फिर से संचालित किया जाए। स्टेडियम में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से प्रशिक्षकों की व्यवस्था कर फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग और शतरंज समेत कई खेलों के कोचिंग कैंप चलाए जाएंगे। इस फैसले से ग्रेटर नोएडा और आसपास के युवा खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम की सदस्यता फीस भी बेहद कम रखी गई है। शासन द्वारा निर्धारित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की व्यवस्था के अनुरूप यहां 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए पूरे वित्तीय वर्ष की वार्षिक सदस्यता फीस 210 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए पहले महीने 310 रुपये और इसके बाद हर महीने 200 रुपये सदस्यता शुल्क देना होगा। इसके अलावा जिला स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी स्टेडियम में कराया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, नियमित प्रशिक्षण हासिल करने और आगे चलकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर उपलब्ध कराना है। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
डीएम मेधा रूपम ने स्पष्ट किया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा अपने स्तर पर खेल गतिविधियां शुरू किए जाने तक स्टेडियम में कोचिंग कैंप संचालित किए जाएंगे। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि जनपद के स्कूलों के अनुदेशकों और छात्र-छात्राओं का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से स्टेडियम में आयोजित खेल गतिविधियों में शामिल कराया जाए। साथ ही समय-समय पर नामी खिलाड़ियों को स्टेडियम में बुलाकर युवा खिलाड़ियों से संवाद कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि उन्हें प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके। जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने डीएम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नाममात्र शुल्क पर खेल प्रशिक्षण मिलने से गरीब और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। प्रशासन की इस पहल से ग्रेटर नोएडा में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की उम्मीद है।