Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● ग्रेटर नोएडा से KGP तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी, 105 मीटर चौड़ी सड़क का होगा विस्तार ● वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत ● क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान ● एम.एम.एच. कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ● गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, अभय कुमार मिश्र बने ADCP ग्रेटर नोएडा ● जेवर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, लखनऊ जाने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे लेट ● दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 9 अक्तूबर को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान ● लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी ● ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: किसी का सामान जला तो किसी की जिंदगी भर की जमा-पूंजी ● ग्रेटर नोएडा में पेयजल समस्या पर RWA ने उठाई आवाज, CEO ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश

ग्रेटर नोएडा में स्ट्रे डॉग विवाद सुलझाने की नई पहल, हर गुरुवार होगी सोसाइटीवार बैठक

ग्रेटर नोएडा में बढ़ती स्ट्रे डॉग की समस्या और इसे लेकर सोसाइटी निवासियों के बीच होने वाले विवादों को समाप्त करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है।
top-news

ग्रेटर नोएडा में बढ़ती स्ट्रे डॉग की समस्या और इसे लेकर सोसाइटी निवासियों के बीच होने वाले विवादों को समाप्त करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब प्रत्येक बृहस्पतिवार को सोसाइटीवार बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें सभी संबंधित पक्षों की मौजूदगी में आपसी सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट तय किए जाएंगे। प्राधिकरण का मानना है कि इस पहल से न केवल आवारा कुत्तों को लेकर होने वाले विवाद कम होंगे, बल्कि पशु कल्याण और नागरिकों की सुरक्षा के बीच बेहतर संतुलन भी स्थापित किया जा सकेगा। इस बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के महाप्रबंधक आरके भारती कर रहे हैं, जबकि इसमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन, एस्टेट मैनेजर और डॉग फीडर भी शामिल हो रहे हैं। बैठकों में एनिमल बर्थ कंट्रोल नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि कानूनी प्रावधानों के अनुरूप स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 31 दिसंबर 2026 तक 24 सोसाइटियों के लिए तिथिवार बैठक कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इस अभियान की शुरुआत 23 जुलाई को हुई थी और अब तक सेवियर ग्रीन आर्क, पार्श्वनाथ पैनोरमा तथा महागुन मायवुड सोसाइटी के साथ तीन बैठकें सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। आगामी बैठक 13 अगस्त को टेकजोन-4 स्थित हिमालया प्राइड सोसाइटी के साथ प्राधिकरण कार्यालय के छठे तल स्थित बोर्ड रूम में होगी। इसके बाद 20 अगस्त को जेपी ग्रींस, 27 अगस्त को येस सिटी सेक्टर-1, 3 सितंबर को गौर सिटी-1 स्थित एआईजी पार्क एवेन्यू, 10 सितंबर को एटीएस ग्रीन पैराडिसो, 17 सितंबर को अम्रपाली गोल्फ होम, 24 सितंबर को एनटीपीसी आनंदम, 1 अक्टूबर को पटेल नियो टाउन, 8 अक्टूबर को स्वर्ण नगरी स्थित अफोर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी, 15 अक्टूबर को निंबस एक्सप्रेस पार्क व्यू-2, 22 अक्टूबर को ग्रीनवुड गवर्नमेंट वेलफेयर सोसाइटी, 29 अक्टूबर को सेंचुरियन पार्क, 5 नवंबर को अर्थकान कासा ग्रैंड-2, 12 नवंबर को ड्रीम वैली विला, 19 नवंबर को लोटस विला, 26 नवंबर को सुपरटेक ईको विलेज-1, 3 दिसंबर को स्ट्रैटेजिक रॉयल कोर्ट, 10 दिसंबर को जेकेजी पाम कोर्ट, 17 दिसंबर को पंचशील, 24 दिसंबर को श्री राधा स्काई गार्डन और 31 दिसंबर को अंतरिक्ष गोल्फ लिंक सोसाइटी के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सभी सोसाइटियों में आपसी सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट निर्धारित करना और लंबे समय से चले आ रहे विवादों का शांतिपूर्ण समाधान निकालना है। प्राधिकरण का मानना है कि जब स्थानीय निवासी, प्रशासन, पुलिस, पशु चिकित्सक, डॉग फीडर और एओए एक मंच पर बैठकर चर्चा करेंगे, तो समस्या का व्यावहारिक और टिकाऊ समाधान निकल सकेगा। यह पहल न केवल आवारा कुत्तों के प्रबंधन को व्यवस्थित बनाएगी, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, पशु संरक्षण और न्यायालय के दिशा-निर्देशों के पालन को भी मजबूती देगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को उम्मीद है कि यह मॉडल भविष्य में अन्य सेक्टरों और सोसाइटियों के लिए भी प्रभावी उदाहरण साबित होगा।