Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● ग्रेटर नोएडा से KGP तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी, 105 मीटर चौड़ी सड़क का होगा विस्तार ● वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत ● क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान ● एम.एम.एच. कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ● गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, अभय कुमार मिश्र बने ADCP ग्रेटर नोएडा ● जेवर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, लखनऊ जाने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे लेट ● दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 9 अक्तूबर को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान ● लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी ● ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: किसी का सामान जला तो किसी की जिंदगी भर की जमा-पूंजी ● ग्रेटर नोएडा में पेयजल समस्या पर RWA ने उठाई आवाज, CEO ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह, एसीईओ बोले 'राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता'

ग्रेटर नोएडा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मनाया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने सुबह 8 बजे तिरंगा फहराया। इस मौके पर एसीईओ लक्ष्मी वीएस समेत प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
top-news

ग्रेटर नोएडा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मनाया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने सुबह 8 बजे तिरंगा फहराया। इस मौके पर एसीईओ लक्ष्मी वीएस समेत प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अपने संबोधन में सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि आजादी हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता, हर पीढ़ी को अपना योगदान देना होता है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण केवल शहर नहीं बनाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तैयार करते हैं। आज बनाई गई सड़कें आने वाली पीढ़ियां इस्तेमाल करेंगी, औद्योगिक भूमि से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आवासीय सेक्टरों में परिवार बसेंगे।


एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि प्राधिकरण की हर फाइल के पीछे किसी का रोजगार, सपना या परिवार जुड़ा होता है। इसलिए किसी भी जिम्मेदारी को ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निभाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान सिर्फ उसे सलामी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना भी राष्ट्रध्वज का सम्मान है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि हर नागरिक को देश के विकास में अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। उन्होंने प्राधिकरण के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया, जबकि ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने कविता के जरिए देश के सामने मौजूद चुनौतियों को सामने रखा।


समारोह में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान’, ‘मिट्टी के बेटे’, ‘इक तेरा नाम है सांचा’ और ‘दिल दिया है, जान भी देंगे’ जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय में एसीईओ सुनील कुमार सिंह, ओएसडी गुंजा सिंह और अन्य अधिकारियों ने तिरंगा फहराया। यहां भी देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।