गौतमबुद्धनगर पुलिस लाइन्स में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा
- sakshi choudhary
- 15 Aug, 2026
गौतमबुद्धनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स गौतमबुद्धनगर में ध्वजारोहण किया और उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं, पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र और कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट, सराहनीय और साहसिक कार्य करने वाले गौतमबुद्धनगर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से उपनिरीक्षक राकेश यादव को सम्मानित किया गया, जबकि सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक उमेश चन्द नैथानी को प्रदान किया गया। शौर्य और सेवाभिलेख के आधार पर कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया। इनमें साइबर क्राइम, पुलिस लाइन, यातायात, महिला सुरक्षा, सर्विलांस और विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल रहे। समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर पुलिस कमिश्नर ने सम्मानित किया। परिजनों को आश्वस्त किया गया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त, विभिन्न पुलिस उपायुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही। इसके अलावा पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के समापन पर उपस्थित पुलिसकर्मियों और जनसमूह को मिष्ठान वितरित किया गया। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए। थानों पर सलामी, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दिलाया गया। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और शहीदों के सम्मान का संदेश देता नजर आया।