Greater Noida: यमुना सिटी में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और बस अड्डा, 92वीं बोर्ड बैठक में बड़े फैसले
- sakshi choudhary
- 18 Aug, 2026
यमुना सिटी के विकास को नई रफ्तार देने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 92वीं बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। यमुना सिटी में अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, अंतरराज्यीय बस अड्डा और आधुनिक किसान मंडी विकसित की जाएगी। इसके अलावा जापान और सिंगापुर की तर्ज पर करीब 300 एकड़ में ताइवान सिटी विकसित करने की योजना को भी मंजूरी मिली है। गौतमबुद्ध नगर में ई-बसों की संख्या 110 से बढ़ाकर 500 करने का फैसला भी लिया गया है। यमुना प्राधिकरण कार्यालय में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन विकास परियोजनाओं पर मुहर लगी।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए सेक्टर-23डी में 50 एकड़ जमीन आरक्षित की गई है। यमुना प्राधिकरण खेल विभाग को यह जमीन निशुल्क उपलब्ध कराएगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद स्टेडियम के डिजाइन और निर्माण एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही यमुना सिटी फेज-1 के सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ जमीन पर कृषि मंडी विकसित की जाएगी। विकास योजनाओं में सेक्टर-13 और 14 में 500 एकड़ में मेडिकल हब तथा सेक्टर-14 में 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी टाउनशिप को भी मंजूरी दी गई है। मेडिकल हब में मेडिकल कॉलेज और रिसर्च सेंटर के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा सकेगी, जबकि यूनिवर्सिटी टाउनशिप में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों को जगह देने की योजना है।
यमुना सिटी में औद्योगिक और स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-06 में 125 एकड़ में फार्मास्युटिकल क्लस्टर विकसित करने का फैसला भी हुआ है। यहां फार्मास्युटिकल फॉर्मूलेशन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तैयार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। मेडिकल डिवाइस पार्क में आस्का लैब की स्थापना के लिए तकनीकी विशेषज्ञ समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई है। इससे देश में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, यमुना सिटी फेज-1 में विकास कार्यों के लिए जमीन देने वाले किसानों के मुआवजे में छह प्रतिशत बढ़ोतरी को भी बोर्ड ने मंजूरी दी है। इन फैसलों के बाद यमुना सिटी में खेल, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *