Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● ग्रेटर नोएडा से KGP तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी, 105 मीटर चौड़ी सड़क का होगा विस्तार ● वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: अयोध्या गर्जन और नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स की शानदार जीत ● क्लासरूम से समुदाय तक बच्चों की सुरक्षा पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने चलाया जागरूकता अभियान ● एम.एम.एच. कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ● गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, अभय कुमार मिश्र बने ADCP ग्रेटर नोएडा ● जेवर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, लखनऊ जाने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे लेट ● दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, 9 अक्तूबर को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान ● लखनऊ में गोमती की बाढ़ विकराल, प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने भरा पानी ● ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: किसी का सामान जला तो किसी की जिंदगी भर की जमा-पूंजी ● ग्रेटर नोएडा में पेयजल समस्या पर RWA ने उठाई आवाज, CEO ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश

Greater Noida Fire: लकड़ी-गत्ते की फैक्टरी में भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू

ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र वन में बुधवार शाम एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी के प्रथम तल पर बड़ी मात्रा में लकड़ी, लकड़ी की डाई और गत्ता रखा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया।
top-news

ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र वन में बुधवार शाम एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी के प्रथम तल पर बड़ी मात्रा में लकड़ी, लकड़ी की डाई और गत्ता रखा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सीएफओ, एसीपी-3 और एसडीआरएफ की टीम ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए फैक्टरी में काम कर रहे कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।


बताया गया कि फैक्टरी करीब 1000 वर्ग मीटर के भूखंड पर बनी है और प्रथम तल पर वुडन डाई मेकर कंपनी संचालित होती है। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक मशीन में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास रखी लकड़ी और गत्ते को अपनी चपेट में ले लिया। ज्वलनशील सामान अधिक मात्रा में होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की लपटों को देखते हुए आसपास की कंपनियों को भी एहतियातन खाली कराया गया। खासतौर पर पड़ोस में मौजूद एक पेपर कंपनी तक आग पहुंचने का खतरा था, इसलिए दमकल टीमों ने आसपास की फैक्ट्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया।


दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। फैक्टरी के भूतल पर संचालित दूसरी कंपनी को भी आग से सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मशीन में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया गया है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी और ज्वलनशील सामग्री के सुरक्षित भंडारण को लेकर सवाल खड़े किए हैं।