स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के सभी भूमिगत जलाशयों की सफाई कराने का फैसला लिया है। प्राधिकरण की ओर से जलाशयों की सफाई के लिए तिथिवार शेड्यूल जारी किया गया है। अभियान की शुरुआत 15 सितंबर से ओमीक्रॉन-1 से होगी और अलग-अलग क्षेत्रों में तय तारीखों के अनुसार सफाई का काम किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने जल विभाग को सभी भूमिगत जलाशयों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण के अनुसार, स्वच्छ जलापूर्ति के लिए निर्धारित समय अंतराल पर जलाशयों की सफाई कराई जाती है। सफाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों में पानी का प्रेशर कम रह सकता है। ऐसे में प्राधिकरण ने लोगों से पहले से पर्याप्त पानी स्टोर करने और पानी की खपत कम रखने की अपील की है। जलाशयों की सफाई का शेड्यूल प्राधिकरण की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा।
जारी शेड्यूल के अनुसार 15 से 17 सितंबर तक ओमीक्रॉन-1, 21 से 23 सितंबर तक ओमीक्रॉन-1ए और ईडब्ल्यूएस सोसाइटी, 24 से 26 सितंबर तक ओमीक्रॉन-1ए और जीएच-03 सोसाइटी, 28 से 30 सितंबर तक म्यू-2, 1 से 3 अक्टूबर तक लोटस वैली सोसाइटी, 5 से 7 अक्टूबर तक सेक्टर ज्यू-1 और ईडब्ल्यूएस सोसाइटी, 8 से 10 अक्टूबर तक सेक्टर-36 और 37, 12 से 14 अक्टूबर तक बीएचएस-16 सोसाइटी तथा 15 से 17 अक्टूबर तक अल्फा-1 और 2 में जलाशयों की सफाई होगी। इसके बाद 19 से 21 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 22 से 24 अक्टूबर तक गामा-1, गामा-2, बीटा-1 और बीटा-2, 26 से 28 अक्टूबर तक डेल्टा-1, 2 और 3, 29 से 31 अक्टूबर तक म्यू-1 ईडब्ल्यूएस सोसाइटी, 2 से 4 नवंबर तक चाई-4 ईडब्ल्यूएस सोसाइटी, 5 से 7 नवंबर तक एससी/एसटी हॉस्टल, 12 से 14 नवंबर तक सेक्टर-10 ईडब्ल्यूएस सोसाइटी, 16 से 18 नवंबर तक बालक इंटर कॉलेज, 19 से 21 नवंबर तक सेक्टर-3 ईडब्ल्यूएस सोसाइटी और 25 से 27 नवंबर तक संकल्प सोसाइटी में सफाई अभियान चलेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सफाई अभियान के दौरान पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था का भी इंतजाम किया है। प्राधिकरण के मुताबिक, किसी क्षेत्र में पानी नहीं पहुंचने या पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने पर निवासी टैंकर मंगवा सकते हैं। इसके लिए जल विभाग की ओर से संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। पानी से जुड़ी समस्या होने पर ग्रेटर नोएडा निवासी 7011880693, 8923799737, 9811839456, 8285944793, 9873763995, 9899331572, 9654302913, 8130504019, 8377911380 और 9871090100 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकरण ने बिल्डरों और अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन को भी पत्र भेजकर सोसाइटी परिसरों में बने जलाशयों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि सफाई के दौरान पानी का दबाव कम रहने की संभावना को देखते हुए पानी पहले से स्टोर कर लें, अनावश्यक पानी की खपत से बचें और अभियान में प्राधिकरण का सहयोग करें।