नोएडा: बहन को बच्चा देने के लिए चुराई 3 दिन की नवजात, 8 घंटे में पुलिस ने किया रेस्क्यू; महिला और भाई गिरफ्तार
- sakshi choudhary
- 11 Oct, 2026
नोएडा के सेक्टर-110 स्थित मैटरनिटी चाइल्ड अस्पताल से तीन दिन की नवजात बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने अपनी निःसंतान बहन को बच्चा देने के लिए कथित तौर पर इस वारदात की साजिश रची थी। बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और करीब आठ घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने बागपत निवासी उपासना और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है। इस घटना ने अस्पतालों में नवजात बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, भंगेल निवासी गौतम नंदन की पत्नी सपना ने 6 अक्टूबर को ऑपरेशन के जरिए बेटी को जन्म दिया था। 9 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे गौतम अपनी पत्नी को डॉक्टर के पास लेकर गए थे। इस दौरान बच्ची की देखभाल उसकी दादी रक्षा देवी कर रही थीं। आरोप है कि इसी बीच अस्पताल में मौजूद महिला बच्ची को संभालने के बहाने अपने साथ लेकर चली गई। परिवार को जब बच्ची नहीं मिली तो अस्पताल में तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला उपासना ने वारदात से करीब नौ दिन पहले भंगेल में किराये पर कमरा लिया था। पुलिस के अनुसार, वह अपने भाई कपिल के साथ अस्पताल पहुंची थी और बच्ची को लेकर स्कूटी से फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फेज-2 थाना पुलिस ने कई टीमें बनाकर जांच शुरू की। अस्पताल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने दिल्ली से नवजात को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी महिला को NSEZ मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसकी बहन की शादी को नौ साल हो चुके हैं, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं है। परिवार को मिलने वाले तानों से परेशान होकर उसने अपनी बहन को बच्चा देने की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले में महिला के भाई को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद अस्पतालों में नवजात बच्चों की निगरानी और बाहरी लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत फिर सामने आई है।