14, 480 हेक्टेयर में बसेगा न्यू आगरा, 58 गांवों की जमीन पर बनेगी नई औद्योगिक टाउनशिप; 10 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
- sakshi choudhary
- 27 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और शहरी विस्तार को नई दिशा देने की तैयारी है। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आगरा में नोएडा की तर्ज पर एक नया शहर विकसित करने की योजना आगे बढ़ गई है। करीब 14,480 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्रस्तावित आगरा अर्बन सेंटर यानी न्यू आगरा की महायोजना-2041 के ड्राफ्ट को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 94वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल गई है। यह नया शहर आगरा के 58 गांवों की जमीन पर विकसित करने का प्रस्ताव है। अब महायोजना का ड्राफ्ट उत्तर प्रदेश शासन के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद जमीन की खरीद या अधिग्रहण और सड़क, बिजली, जलापूर्ति तथा सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्रस्ताव के मुताबिक, न्यू आगरा में करीब 15 लाख लोगों के बसने और लगभग 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इससे आगरा और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
3,000 हेक्टेयर में उद्योग, 1,878 हेक्टेयर में आवासीय क्षेत्र
न्यू आगरा की महायोजना में अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से जमीन का इस्तेमाल निर्धारित किया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, लगभग 3,000 हेक्टेयर जमीन औद्योगिक विकास के लिए रखी गई है, जबकि 1,878 हेक्टेयर में आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा 405 हेक्टेयर में पर्यटन क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव है। करीब 300 हेक्टेयर में थीम पार्क विकसित किया जाएगा। वहीं लगभग 20 हेक्टेयर में होटल, कन्वेंशन सेंटर, आईटी पार्क और संस्थागत परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इस शहर को उद्योग, आवास और पर्यटन के एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर विकसित होने के कारण इसकी कनेक्टिविटी भी महत्वपूर्ण होगी। YEIDA अधिकारियों के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर के बाद यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाली यह दूसरी बड़ी औद्योगिक टाउनशिप होगी। इससे पहले मथुरा के राया अर्बन सेंटर के एक हिस्से में हेरिटेज सिटी विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
ताजमहल की सुरक्षा के लिए ग्रीन इंडस्ट्री को प्राथमिकता
न्यू आगरा का क्षेत्र ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के अंतर्गत आता है। ऐसे में यहां उद्योगों की स्थापना के दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में कम प्रदूषण स्कोर वाले ग्रीन और पर्यावरण अनुकूल उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य औद्योगिक विकास के साथ ताजमहल और आसपास के पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना है। ग्रेटर नोएडा स्थित YEIDA मुख्यालय में हुई बोर्ड बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। बैठक में सीईओ राकेश कुमार सिंह ने प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब अगला महत्वपूर्ण चरण शासन का अनुमोदन है। इसके बाद जमीन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।