UP News: घुमंतू समाज को लेकर CM योगी की बड़ी घोषणा, मिलेगा विकास और सम्मान का अवसर
- sakshi choudhary
- 06 Aug, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घुमंतू और विमुक्त समाज के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब घुमंतू समाज को दर-दर की ठोकरें खाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। प्रदेश सरकार इन समुदायों को सम्मानजनक जीवन देने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश कैबिनेट द्वारा घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के फैसले के बाद आयोजित आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि यह बोर्ड केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित समुदायों को न्याय, सम्मान और विकास का अवसर देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। सरकार का लक्ष्य पात्र लोगों को आवास, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वनटांगिया, मुसहर, थारू, गौड़, चेरो, बुक्सा, कोल और सहरिया समेत कई वंचित समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया है। इन परिवारों को राशन कार्ड, भूमि पट्टे, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त बिजली और गैस कनेक्शन के साथ वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिया गया है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति के बच्चों के लिए आश्रम पद्धति विद्यालय और श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब इन समुदायों को ‘क्रिमिनल ट्राइब’ कहकर अपमानित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ये ऐसे वीर समुदाय हैं जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। घुमंतू विकास बोर्ड इन समुदायों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके सम्मानजनक पुनर्वास में अहम भूमिका निभाएगा। सीएम ने विशेष रूप से सपेरा समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समुदाय प्राचीन काल से गुरु श्री गोरखनाथ की परंपरा से जुड़ा रहा है और ऐतिहासिक दौर में लोगों को जागरूक करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज भी यह समाज घुमंतू जीवन जी रहा है और सरकार इसके सम्मानजनक पुनर्वास और समग्र विकास के लिए काम करेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *